वाराणसी।
पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में मंगलवार को सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने चार उप निरीक्षकों समेत कुल आठ कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट, ईमानदार और समर्पित सेवाकाल के लिए सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी।
सम्मानित होने वालों में उप निरीक्षक जंग बहादुर यादव (ज्ञानवापी सुरक्षा), महेन्द्र कुमार सिंह (पुलिस लाइन), अशोक कुमार सिंह (न्यायालय सुरक्षा), शशि कुमार कुँवर (अभिसूचना शाखा), मुख्य आरक्षी प्रद्युम्न प्रसाद (अभिसूचना शाखा), मुख्य आरक्षी सुमन कुमार सिंह (न्यायालय सुरक्षा), स्वीपर सीता देवी (पुलिस लाइन) और अर्दली प्यून उमेश चन्द्र पाण्डेय (पुलिस लाइन) शामिल रहे।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि सभी सेवानिवृत्त कर्मियों ने पूरे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण का परिचय दिया है। उनका योगदान पुलिस विभाग के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहेगा।
समारोह के दौरान सभी कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह एवं फोटो फ्रेम भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके स्वस्थ, सुखमय और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए पूरे सम्मान के साथ विदाई दी गई।







