वाराणसी के प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा सघन पैदल गश्त कर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों ने घाटों पर स्नान कर रहे श्रद्धालुओं एवं दर्शनार्थियों से गहरे पानी में न जाने की अपील की तथा सुरक्षा नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
इस दौरान पुलिस ने लोगों को अपने मोबाइल, पर्स, आभूषण एवं अन्य कीमती सामान की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
पुलिस टीम ने घाटों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में दर्शन एवं स्नान करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए घाटों पर लगातार निगरानी एवं गश्त जारी रहेगी।







