चन्दौली पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर मंगलवार को (मुगलसराय)
नगर के प्रमुख मार्गों पर जलभराव और गंदे पानी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। जीटी रोड स्थित काली मंदिर के सामने तथा गेट नंबर-1 के पास सड़क किनारे जमा और बह रहा गंदा पानी लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले लगभग एक सप्ताह से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
काली मंदिर के सामने सड़क किनारे जमा गंदा पानी न केवल राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा रहा है, बल्कि मच्छरों और संक्रामक बीमारियों को भी दावत दे रहा है। वहीं गेट नंबर-1 के पास सड़क पर बह रहे गंदे पानी के कारण लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर फिसलन और दुर्गंध के चलते दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय निवासियों और दुकानदारों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों का कहना है कि गंदे पानी के कारण आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है और स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ रहे हैं। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इस संबंध में एसडीएम मुगलसराय राजीव मोहन सक्सेना ने बताया कि मामले की जानकारी प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि गंदे पानी की निकासी और जलभराव की समस्या जटिल है, लेकिन संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही समस्या का समाधान कर लोगों को राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी











Users Today : 0
Users This Year : 24718
Total Users : 37311
Views Today :
Total views : 73438