वाराणसी।
ज्येष्ठ माह की भीषण गर्मी में आमजन को राहत पहुंचाने के लिए उत्तरी विधानसभा के विधायक एवं राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने सोमवार को सिगरा स्थित अपने कार्यालय पर आठ वाटर कूलरों का वितरण किया। ये वाटर कूलर शहर के विभिन्न मंदिरों, चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित किए जाएंगे, जिससे राहगीरों, श्रद्धालुओं और जरूरतमंद लोगों को शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध हो सके।
वितरित किए गए वाटर कूलर राम जानकी मंदिर शिवपुर, रामलीला मैदान चौकाघाट, सारंग चौराहा, हनुमान मंदिर आशापुर चौराहा, सेंट्रल बैंक बड़ी बाजार, हनुमान मंदिर शैलपुत्री तिराहा, पंचकोसी चौराहा तथा शंभो माता जलालीपुरा पर लगाए जाएंगे।
इस अवसर पर राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान आम लोगों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। मंदिरों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर वाटर कूलर स्थापित होने से हजारों लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि इन वाटर कूलरों के रखरखाव और सुचारु संचालन की जिम्मेदारी संबंधित क्षेत्र के स्थानीय पार्षदों को सौंपी गई है।
कार्यक्रम में डीसीएफ चेयरमैन राकेश सिंह अलगू, पार्षद अशोक मौर्य, संजय जायसवाल, बृजेश श्रीवास्तव, सुशील गुप्ता, संदीप रघुवंशी, बलिराम कन्नौजिया, अभय पांडे, राजेंद्र मौर्य, राजेंद्र यादव, रिंकू मौर्य, जितेंद्र कुशवाहा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







