चकिया, चन्दौली
चन्दौली जनपद में आबकारी विभाग की लापरवाही एक बार फिर सवालों के घेरे में है। आरोप है कि चकिया क्षेत्र के सहदुल्लापुर स्थित देशी शराब की दुकान पर निर्धारित समय से पहले और देर रात तक खुलेआम शराब की बिक्री की जा रही है। इतना ही नहीं, सूत्रों का दावा है कि अधिक पैसे देने पर दुकान किसी भी समय खोल दी जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शासन द्वारा तय समय सीमा और नियम केवल कागजों तक सीमित रह गए हैं, जबकि जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है। आबकारी विभाग नियमों का पालन कराने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।
सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में ओवररेटिंग का खेल भी लगातार जारी है। निर्धारित मूल्य से अधिक दाम लेकर शराब बेचे जाने की शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं। लोगों का आरोप है कि यह सब आबकारी विभाग के संरक्षण में चल रहा है, जिसके चलते दुकानदारों के हौसले बुलंद हैं।
इससे पहले भी समय से पहले शराब बिक्री का दो चार वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें दुकान खुलने के निर्धारित समय से पहले बिक्री होती दिखाई गई थी। वायरल वीडियो के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई न होने से विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अब देखना होगा कि चकिया सहदुल्लापुर देशी शराब दुकान के इस मामले में जिम्मेदार अधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं या फिर यह मामला भी जांच के नाम पर ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।











Users Today : 62
Users This Year : 24836
Total Users : 37429
Views Today : 100
Total views : 73629