वाराणसी
नवरात्रि के पावन अवसर पर क्षेत्र में कन्या पूजन का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में छोटी-छोटी बालिकाओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनका विधि-विधान से पूजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कन्याओं को चुनरी ओढ़ाई गई, माथे पर तिलक लगाया गया तथा पुष्प अर्पित कर उनका स्वागत किया गया।
पूजन के उपरांत सभी कन्याओं के चरण स्पर्श कर उन्हें सम्मानपूर्वक आसन पर बैठाया गया और प्रेमपूर्वक भोजन कराया गया। साथ ही उन्हें उपहार और दक्षिणा देकर आशीर्वाद लिया गया। पूरे आयोजन में बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने लायक था, वहीं उपस्थित लोगों में भी विशेष श्रद्धा का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ समाजसेवी उपेन्द्र मिश्रा द्वारा कन्याओं का विशेष आदर-सत्कार करते हुए समाज को नारी शक्ति के सम्मान का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि कन्या पूजन भारतीय संस्कृति की एक महत्वपूर्ण परंपरा है, जो समाज में सम्मान, संस्कार और आस्था को सुदृढ़ करती है। अंत में सभी श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से सुख-समृद्धि, शांति और परिवार की खुशहाली की कामना की।







