चन्दौली शहाबगंज
क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय करनौल में रविवार रात अराजक तत्वों ने खिड़की के रास्ते घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान विद्यालय के कमरों में लगे पंखों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, वहीं बच्चों के पठन-पाठन में उपयोग होने वाले श्यामपट भी तोड़ दिए गए। इसके अलावा विद्यालय में सुरक्षित रखे गए महत्वपूर्ण अभिलेखों को तीतर-बितर कर कमरों में फेंक दिया गया।
सोमवार को गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के लिए जब शिक्षक विद्यालय पहुंचे, तो कमरों की बदहाल स्थिति देखकर हैरान रह गए। दो कमरों में पंखे टूटे मिले, जबकि एक अन्य कमरे में विद्यालय के कागजात बिखरे पड़े थे। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक कृष्णकांत त्रिपाठी ने मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। विद्यालय में हुई इस तोड़फोड़ से शिक्षकों में रोष है और उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अराजक तत्वों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी











Users Today : 0
Users This Year : 24839
Total Users : 37432
Views Today :
Total views : 73632