चहनिया
क्षेत्र के नदेसर मारूफपुर गांव में मंगलवार को शहीद चंदन राय की आठवीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर जिले के शहीद जवानों के परिजनों और सेवानिवृत्त सैनिकों को सम्मानित किया गया। मेधावी छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया और लगभग 250 निराश्रित लोगों को कंबल वितरित किए गए।नदेसर मारूफपुर निवासी सत्यप्रकाश राय के पुत्र चंदन राय भारतीय सेना में कार्यरत थे। वर्ष 2018 में पाकिस्तान की गोलाबारी में वह शहीद हो गए थे।
उनकी स्मृति में हर साल नदेसर मारूफपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में भारत माता और शहीद चंदन राय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। पूर्व एमएलसी शिवनाथ यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने ऐसे आयोजनों को सराहनीय बताते हुए कहा कि चंदन राय ने देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनके संघर्षों और जीवन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के संयोजक और वाराणसी विकास प्राधिकरण के मानद सदस्य अम्बरीश सिंह भोला ने कहा कि चंदन राय केवल एक परिवार के नहीं, बल्कि पूरे देश के बेटे थे। उन्होंने अदम्य साहस और निस्वार्थ देशभक्ति का जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह अमिट है। उनकी स्मृतियां सदैव जीवित रहेंगी और उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मिसाल बनेगा।
इस अवसर पर महंत राजू दास, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, भाजपा नेता सूर्यमुनी तिवारी, ब्लाक प्रमुख अजय सिंह, हिन्दू युवा वाहिनी जिलाध्यक्ष रामदयाल यादव रिंकू, राघवेंद्र सिंह, अमित जायसवाल और मनीष श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी










Users Today : 6
Users This Year : 24884
Total Users : 37477
Views Today : 9
Total views : 73716