वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के बनकट गांव में राहुल मिश्रा की आत्महत्या के मामले में परिवार की ओर से न्याय की मांग को लेकर प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरना स्थगित कर दिया गया है।मृतक की मां की ओर से सुबह 12 बजे शास्त्री घाट पर धरने पर बैठने की घोषणा की गई थी,लेकिन डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार के फोन आने और वार्ता के लिए बुलाने पर यह धरना टाल दिया गया।
सामाजिक कार्यकर्ता सीमा चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।उन्होंने लिखा कि वाराणसी बनकट में राहुल मिश्रा की मौत के बाद पुलिस ने उसकी सास और पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है,लेकिन मुख्य अभियुक्त शुभम उर्फ डेंजर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।मृतक की मां के आंसुओं को देखकर पुलिस से बात की गई,लेकिन कोई विकल्प न निकलते देख धरने की तैयारी थी।
सीमा चौधरी ने आगे बताया कि उनके घर पर इस समय लोहता थाना प्रभारी मौजूद हैं।डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार से वार्ता के बाद धरने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।तब तक के लिए धरना स्थगित माना जाए।उन्होंने दोहराया कि हमारी मांग अभी भी यही है कि सभी दोषियों को जेल भेजा जाए,ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
गौरतलब है कि राहुल मिश्रा ने दिसंबर 2025 में आत्महत्या से पहले एक वीडियो बनाया था,जिसमें पत्नी संध्या,सास और शुभम सिंह उर्फ डेंजर पर गंभीर आरोप लगाए थे।पुलिस ने पत्नी और सास को गिरफ्तार किया है,जबकि शुभम की तलाश जारी है।परिवार लगातार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और न्याय की मांग कर रहा है।











Users Today : 22
Users This Year : 24711
Total Users : 37304
Views Today : 92
Total views : 73423