चन्दौली डीडीयू नगर
नगर के पड़ाव क्षेत्र में चोरी की वारदातों में तेजी, व्यापारी से 3 लाख की चोरी
पड़ाव क्षेत्र, मुगलसराय में चोरी और टप्पेबाज़ी की घटनाएँ लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों में भारी दहशत का माहौल है। ताज़ा मामले में एक व्यापारी की कार में रखा बैग चोरों ने साफ कर दिया।
बताया जा रहा है कि बैग में करीब 3 लाख रुपये नकद और बैंक से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज थे, जिन्हें चोर उड़ा ले गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने कोतवाली के पड़ाव क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पड़ाव क्षेत्र चोरों के लिए “सबसे सुरक्षित ज़ोन” बन गया है। आए दिन हो रही वारदातों के बावजूद पुलिस की सक्रियता नज़र नहीं आ रही, जिससे लोगों में आक्रोश है। नागरिकों का आरोप है कि “पुलिस प्रशासन की बड़ी लापरवाही के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।”
लोगों का यह भी कहना है कि आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस की गश्त और निगरानी बेहद ढीली है, जिसके चलते चोरी और टप्पेबाज़ी की घटनाएँ बेखौफ़ बढ़ती जा रही हैं।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी







