जौनपुर में नकाबपोश बदमाशों ने सिपाही के भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। 12 बदमाशों ने उसे घेरकर पीटना शुरू कर दिया। युवक चिल्लाता रहा, मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन कोई भी उसे बचाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।
आरोपियों ने उसे लात-घूंसों से पीटा। ईंट उठाकर उसके सिर पर मारी। वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। वहां मौजूद लोगों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे अस्पताल ले गए।वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। 20 मिनट बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला केराकत कोतवाली क्षेत्र के बेलाव बाजार का है। हत्या की वजह अभी सामने नहीं आ सकी है।बेलाव इलाके के रहने वाले रोहित यादव (28) की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी। 6 महीने पहले उनकी पत्नी शशिकला ने बच्चे को जन्म दिया था। रोहित का छोटा भाई देवेश यादव, यूपी पुलिस में सिपाही है। वह बाराबंकी में तैनात है। छुट्टी पर घर आया है।







