वाराणसी रामनगर थाना क्षेत्र के डोमरी गांव के सामने गुरुवार को गंगा में नहाते समय दो किशोर डूब गये। तीसरे साथी के शोर मचाने पर जबतक लोग पहुंचते वह डूब चुके थे। सूचना पर पुलिस पहुंची। बाद में आई एनडीआरएफ ने दोनों किशोरों के शवों को निकाला। इस घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है।
गंगा में डूबनेवाले किशोर चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जलीलपुर गांव निवासी मोहम्मद इस्माइल (17) और अमान रजा (17) थे। स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दो दोस्तों को डूबता देख तीसरा साथी मोहम्मद आतिफ शोर मचाने लगा। शोर सुनकर जबतक लोग पहुंचे तबतक दोनों युवक गंगा में समा गए।
सूचना पर पहुंची एनडीआरएफ ने आधा घंटा में दोनों किशोरों के शव को ढूंढ निकाला। बताया जाता है कि किशोर स्कूल से छुट्टी के बाद घर जाने के बजाय पड़ाव स्थित अपने दुकान पर बैग रखकर गंगा में स्नान करने चले गये थे। दोनों तैरना नही जानते थे और गहराई में चले गये। सूचना पर परिवार के लोग पहुंचे।







