वाराणसी/पिंडरा जन शिकायतों के त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण में पिंडरा तहसील ने एक बार फिर कमाल कर दिखाया है। एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (IGRS) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समाधान में तहसील ने पूरे उत्तर प्रदेश में 22वीं बार प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
उपजिलाधिकारी प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि इस बार पिंडरा तहसील में कुल 86 शिकायतें दर्ज हुई थीं, जिनमें से सभी का समयबद्ध और शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जिलाधिकारी के मार्गदर्शन और तहसील कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।
एसडीएम ने कहा, “हमारी प्राथमिकता है कि हर नागरिक की शिकायत का समाधान समय पर और पारदर्शी तरीके से किया जाए।”
उपलब्धि की सूचना मिलते ही तहसील परिसर में खुशी का माहौल रहा। अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिठाई बांटकर उत्सव मनाया और आगे भी बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया।







