चंदौली चकिया आस्था के महापर्व डाला छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बुधवार को जय मां काली सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने मां काली मंदिर स्थित ऐतिहासिक पोखरे की युद्ध स्तर पर साफ-सफाई की। रंग-रोहण का कार्य भी तेजी से जारी है।
समिति के अध्यक्ष गुरुदेव चौहान के नेतृत्व में युवाओं की एक टोली ने पोखरे से कूड़ा-कचरा बाहर निकाला। इसके बाद घाट पर जमी काई को भी हटाया गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
गुरुदेव चौहान ने बताया कि अर्घ्य देने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। समिति के कार्यकर्ता कमर भर पानी में जाकर फेंकी गई बोतलें, कांच के टुकड़े, प्लास्टिक, ईंट-पत्थर और सीढ़ियों पर जमी मिट्टी व गंदगी को साफ करने में जुटे हैं।
उन्होंने कहा कि यह साफ-सफाई लगातार जारी रहेगी, ताकि डाला छठ पूजा करने वाली व्रती महिलाओं और उनके परिजनों को कोई असुविधा न हो और पूजा में किसी तरह की बाधा न आए।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता आशु, समिति के पदाधिकारी लोहा चौहान, बाबू चौहान, संजय चौहान, शुभम मोदनवाल, किशन चौहान, दरोगा चौहान, आशु वर्मा, कुमार चौहान, अनिल और विजय यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी







