टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) द्वारा किए गए तकनीकी अध्ययन में इस फ्लाईओवर के निर्माण को पूरी तरह फिजिबल पाया गया है। इस परियोजना पर करीब 81 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। LDA अब इसके लिए शासन से बजट मांगने की तैयारी कर रहा है और स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
क्यों लग रहा है जाम?
गोमती नदी के किनारे निशातगंज चौराहे पर ग्रीन कॉरिडोर और निशातगंज मार्ग का ट्रैफिक एक-दूसरे को क्रॉस करता है। दोनों ओर से वाहनों का अत्यधिक दबाव होने के कारण यहां दिनभर जाम लगता है। विशेषकर सुबह और शाम वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं।
जाम रोकने के लिए चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल भी लगाए गए थे, लेकिन उससे भी अपेक्षित राहत नहीं मिल सकी।
नया फ्लाईओवर बन जाने से ग्रीन कॉरिडोर का ट्रैफिक सीधे ऊपर से गुजर जाएगा। इससे चौराहे पर वाहनों का टकराव खत्म होगा और नीचे निशातगंज मार्ग का यातायात भी पूरी तरह सुचारु हो सकेगा।
LDA उपाध्यक्ष ने क्या कहा?
> निशातगंज गोमती पुल के पास फ्लाईओवर निर्माण की तकनीकी स्टडी रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। 450 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर पर लगभग 81 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके निर्माण के लिए जल्द ही शासन को प्रस्ताव भेजकर बजट मांगा जाएगा।
> – प्रथमेश कुमार, उपाध्यक्ष, LDA
पुराने लखनऊ में भी तैयारी
ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट के तहत LDA पुराने लखनऊ में पक्का पुल के पास भी एक और फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव तैयार कर रहा है। इसके लिए भी तकनीकी अध्ययन कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है।







