काशी में दिखेंगे दुनिया के सात अजूबे! बेनियाबाग में बनेगा सेवन वंडर्स पार्क, टाउनहॉल में द्वादश ज्योतिर्लिंग तो मच्छोदरी में दिखेगी ‘इनक्रेडिबल इंडिया’ की झलक

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी को पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान दिलाने की तैयारी तेज हो गई है। अब काशीवासियों और पर्यटकों को शहर में ही दुनिया के सात अजूबों की झलक देखने को मिलेगी। वाराणसी नगर निगम ने शहर के तीन प्रमुख पार्कों को आकर्षक थीम पार्क के रूप में विकसित करने की बड़ी योजना तैयार की है। इसके तहत बेनियाबाग में दुनिया के सात अजूबे, टाउनहॉल में द्वादश ज्योतिर्लिंग और मच्छोदरी पार्क में ‘इनक्रेडिबल इंडिया’ थीम पर विकास एवं सुंदरीकरण कराया जाएगा।

तीनों परियोजनाओं पर करीब 4.92 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर निगम ने इसके लिए तीन अलग-अलग टेंडर जारी कर दिए हैं। कंपनियां 16 नवंबर तक निविदाएं जमा कर सकेंगी।

बेनियाबाग में दिखेंगे दुनिया के सात अजूबे

बेनियाबाग पार्क को सेवन वंडर्स थीम पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां दुनिया के सात अजूबों की आकर्षक प्रतिकृतियां स्थापित करने की योजना है। इनमें चीन की विशाल दीवार समेत विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक और स्थापत्य धरोहरों की झलक देखने को मिल सकती है। इस परियोजना पर 1.85 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। इसके लिए दो नवंबर को निविदा जारी की गई है।

टाउनहॉल में होंगे द्वादश ज्योतिर्लिंग के दर्शन

टाउनहॉल पार्क को धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान देने के लिए यहां द्वादश ज्योतिर्लिंग थीम पार्क विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के लिए करीब 1.46 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। यहां देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों की थीम आधारित झलक एक ही स्थान पर देखने को मिलेगी।

मच्छोदरी में दिखेगी ‘इनक्रेडिबल इंडिया’ की झलक

मच्छोदरी पार्क को ‘इनक्रेडिबल इंडिया’ थीम पर विकसित करने की योजना है। करीब 1.60 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य के जरिए भारतीय संस्कृति, विरासत और पर्यटन की विविधता को आकर्षक स्वरूप देने की तैयारी है।

16 नवंबर तक जमा होंगे टेंडर, 17 को खुलेगी तकनीकी निविदा

नगर निगम की ओर से तीनों परियोजनाओं के लिए करीब 4.92 करोड़ रुपये के अलग-अलग टेंडर जारी किए गए हैं। सात नवंबर को प्री-बिड बैठक प्रस्तावित है। इसके बाद निविदा जमा करने की प्रक्रिया शुरू होगी। कंपनियां 16 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगी, जबकि 17 नवंबर को तकनीकी निविदाएं खोली जाएंगी।

पर्यटन और मनोरंजन के नए केंद्र बनेंगे पार्क

बेनियाबाग, टाउनहॉल और मच्छोदरी वाराणसी के प्रमुख सार्वजनिक स्थल हैं। इनका थीम आधारित विकास होने से शहरवासियों को मनोरंजन के नए विकल्प मिलेंगे, वहीं पर्यटकों के लिए भी ये आकर्षण के नए केंद्र बन सकते हैं। खास बात यह होगी कि एक ही शहर में विश्व की ऐतिहासिक धरोहरों, सनातन आस्था और भारतीय संस्कृति की झलक देखने का अवसर मिलेगा। अब निगाहें टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और चयनित एजेंसियों के जरिए इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के धरातल पर उतरने पर टिकी हैं।

 

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई