चन्दौली सकलडीहा
कहते हैं कि सफलता पाने की कोई उम्र नहीं होती, जरूरत होती है तो केवल दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और आत्मविश्वास की। इस कहावत को चरितार्थ किया है चंदौली जनपद के सकलडीहा तहसील अंतर्गत ग्राम नोनार, पोस्ट तुलसी आश्रम निवासी रविकांत कुशवाहा पुत्र स्व. रामचंद्र कुशवाहा ने।
रविकांत का चयन उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (एसआई) के पद पर हुआ है। शुक्रवार को उन्हें मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र प्राप्त हुआ। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र में चर्चा और प्रेरणा का विषय बनी हुई है।
17 साल की उम्र में बने नौसैनिक
रविकांत मात्र 17 वर्ष 6 माह की उम्र में भारतीय नौसेना में भर्ती हुए थे। देश की सेवा करने के बाद सेवानिवृत्त होने पर भी उन्होंने अपने भीतर के विद्यार्थी को जीवित रखा। घर एवं परिवार की जिम्मेदारियों को निभाते हुए भी उन्होंने बीएड तथा राजनीति विज्ञान में परास्नातक की पढ़ाई पूरी की और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी लगातार जारी रखी।
अपनी मेहनत के बल पर उनका चयन पंचायती राज विभाग में ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर हो गया और अभी जिले में ही कार्यरत हैं। सफलता का सिलसिला जारी रहा और उन्होंने यूपी पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा में भी सफलता हासिल की।
38 की उम्र में पूरी की 5 किमी दौड़
इस उपलब्धि की खास बात यह है कि 38 वर्ष की उम्र में भी उन्होंने शारीरिक दक्षता परीक्षा के अंतर्गत निर्धारित 5 किलोमीटर की दौड़ सफलतापूर्वक पूरी की।
शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रहे रविकांत ने साबित कर दिया कि उम्र कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती। नौसेना में देशसेवा, सेवानिवृत्ति के बाद उच्च शिक्षा और फिर प्रशासनिक एवं पुलिस सेवा में चयन का उनका सफर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
उनकी इस सफलता पर परिवारजनों, मित्रों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।







