चन्दौली डीडीयू नगर
धनतेरस और दीपावली के त्योहार पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ तथा व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर मुगलसराय पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने एक सराहनीय और अनूठी पहल करते हुए खुद मैदान में उतरकर बाजार की एक-एक दुकान पर दस्तक दी। उन्होंने सोने-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल सहित छोटी-बड़ी सभी दुकानों पर पहुंचकर व्यापारियों से सीधा संवाद किया और उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
थाना प्रभारी की इस सक्रियता का खास पहलू यह रहा कि उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी केवल अधीनस्थ पुलिसकर्मियों तक सीमित नहीं रखी, बल्कि स्वयं दुकानदारों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि त्योहार के दौरान उनकी सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
अर्जुन सिंह ने दुकानदारों को आश्वस्त किया कि दुकान बंद करने के बाद यदि किसी व्यापारी को सुरक्षा की आवश्यकता होती है तो पुलिस उन्हें घर तक सुरक्षित पहुंचाने में सहयोग करेगी। वहीं, बैंक में नकदी जमा कराने जाने के दौरान भी पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से सलाह दी कि व्यापारी दुकान की बड़ी नकदी अकेले लेकर न जाएं और अनावश्यक जोखिम से बचें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि अथवा घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
धनतेरस के मद्देनजर बाजार के बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है। पुलिस की निगरानी बढ़ाकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है, जिससे खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहकों और व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र की प्रत्येक दुकान और व्यापारी की सुरक्षा पुलिस की जिम्मेदारी है। त्योहार के दौरान बाजार में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय रहेगी।
इस दौरान कस्बा चौकी प्रभारी सतीश प्रकाश भी मौजूद रहे। मुगलसराय में थाना प्रभारी की इस व्यक्तिगत पहल से व्यापारियों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। व्यापारियों ने पुलिस की इस सक्रियता और सहयोगात्मक रवैये की सराहना की।







