धनतेरस पर स्वर्णमयी हुई काशी! मां अन्नपूर्णा के दिव्य दर्शन को उमड़ा भक्तों का सैलाब, 10 नवंबर तक मिलेगा खजाना प्रसाद

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

वाराणसी। धनतेरस के पावन पर्व पर धर्मनगरी काशी में मां अन्नपूर्णा का दरबार स्वर्णमयी आभा से जगमगा उठा। मां अन्नपूर्णा अपने भव्य स्वर्णमयी स्वरूप में भक्तों को दर्शन दे रही हैं। शुक्रवार की सुबह मंदिर के कपाट खुलते ही पूरा परिसर माता के जयकारों से गूंज उठा। मां के दिव्य दर्शन और प्रसिद्ध खजाना प्रसाद को प्राप्त करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

सुबह 4 बजे विशेष पूजन, 5 बजे आम श्रद्धालुओं के लिए खुले कपाट

धनतेरस पर श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए इस बार निर्धारित समय से एक घंटे पहले ही दर्शन शुरू करा दिए गए। सुबह 4 बजे महंत शंकरपुरी महाराज की उपस्थिति में मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप का विशेष पूजन, महाशृंगार और आरती संपन्न हुई। इसके बाद सुबह 5 बजे मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।

पांच दिवसीय इस विशेष आयोजन में भक्तों को मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के साथ भूमि देवी, मां लक्ष्मी और रजत महादेव के भी दुर्लभ दर्शन प्राप्त हो रहे हैं। अभिजीत मुहूर्त में मां के मुख्य खजाने के साथ 21 किलो के रजत खजाने का भी विशेष पूजन किया जाएगा।

बांसफाटक से प्रवेश, कालिका गली से होगी निकासी

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं सुगम दर्शन के लिए विशेष रूट प्लान तैयार किया है।

– प्रवेश मार्ग: बांसफाटक से गेट नंबर एक (ढूंढिराज मार्ग) के जरिए श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश दिया जा रहा है। अस्थायी सीढ़ियों से होते हुए भक्त मां के दर्शन कर सकेंगे।
– निकासी मार्ग: दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को कालिका गली के रास्ते बाहर निकाला जा रहा है।

10 नवंबर को अन्नकूट तक मिलेगा खजाना प्रसाद

मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन और प्रसिद्ध खजाना प्रसाद का वितरण 10 नवंबर को आयोजित अन्नकूट महापर्व की शयन आरती तक जारी रहेगा। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग का पालन करने, धैर्य बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।

धनतेरस के अवसर पर मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी दर्शन और खजाना प्रसाद पाने के लिए काशी में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

 

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई