वाराणसी। सिगरा स्टेडियम में गुरुवार को T20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मन में इच्छाशक्ति हो तो कुछ भी असंभव नहीं है। दिव्यांग खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प से साबित किया है कि वे किसी से कम नहीं हैं। प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम ने बिहार को 10 रन से हराकर जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इससे पहले सुबह 10 बजे एमएलसी बृजेश सिंह और पद्मश्री विमल जैन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद बैटिंग कर प्रतियोगिता के उद्घाटन की औपचारिकता पूरी की गई।

यूपी ने 10 रन से जीता उद्घाटन मुकाबला
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच खेला गया। बिहार के कप्तान कुमार देव ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तर प्रदेश की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 120 रन बनाए। मेहताब ने 28 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की टीम निर्धारित 20 ओवर में 110 रन ही बना सकी। इस तरह उत्तर प्रदेश ने 10 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। यूपी के ओमवीर सेनयू को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
उन्होंने 22 रन बनाने के साथ तीन विकेट भी हासिल किए।दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा को मिले प्रोत्साहन उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों में इच्छाशक्ति की कोई कमी नहीं है। वे अपने आत्मविश्वास और मेहनत के बल पर हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं। ऐसे खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने की जरूरत है।
पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह ने कहा कि दिव्यांगता मन की होती है, शरीर की नहीं। आज देश और प्रदेश में ऐसी सरकार है, जो दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए निरंतर काम कर रही है।विशिष्ट अतिथि पद्मश्री विमल जैन ने कहा कि दिव्यांगजन किसी से कम नहीं हैं। अवसर मिलने पर वे अपनी प्रतिभा के दम पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
उन्होंने दिव्यांग खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही। एमएलसी अन्नपूर्णा सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दिव्यांग क्रिकेट को प्रोत्साहन देने के लिए सहयोग कर रही हैं। दिव्यांग क्रिकेटर देश का नाम रोशन कर रहे हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की जरूरत है।

पैरालंपिक में हिस्सा ले चुके जुड़वां भाई रहे आकर्षण
समारोह में पैरालंपिक खेलों में हिस्सा ले चुके जुड़वां भाई राहुल गुप्ता और रोहित गुप्ता विशेष आकर्षण रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में काशी क्षेत्र के भाजपा अध्यक्ष अशोक चौरसिया और काशी हिंदू विश्वविद्यालय के प्रोफेसर आनंद वर्धन मौजूद रहे।आयोजकों की ओर से अतिथियों का स्वागत ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने किया।
संचालन एसोसिएशन के महासचिव संजय चौरसिया ने किया, जबकि आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।इस अवसर पर ट्रस्ट श्री जगन्नाथ जी के सचिव शैलेश त्रिपाठी, समाजसेवी रामयश मिश्रा, दिलीप मिश्रा, हिमांशु सिंह, अखिलेश यादव, रोशन द्विवेदी, शशि भूषण त्रिपाठी, रवि प्रताप सिंह साजन, चंदन सिंह, सिसोदिया सहित शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










Users Today : 51
Users This Year : 29099
Total Users : 41692
Views Today : 91
Total views : 80483