अंकुर राज ने इंटर आईआईटी तैराकी प्रतियोगिता में रचा इतिहास, स्वर्ण समेत तीन पदक जीतकर बढ़ाया बिहार का गौरव

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

पटना

प्रतिभा जब मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ती है। तो सफलता केवल एक खिलाड़ी की नहीं बल्कि पूरे प्रदेश की पहचान बन जाती है। ऐसा ही शानदार कारनामा कर दिखाया है। आईआईटी पटना के तृतीय वर्ष के छात्र और युवा तैराक अंकुर राज ने।

आईआईटी खड़गपुर, पश्चिम बंगाल में 30 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित 40वीं इंटर आईआईटी अखिल भारतीय तैराकी प्रतियोगिता में अंकुर राज ने अपने शानदार प्रदर्शन से देशभर के खेलप्रेमियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न आईआईटी संस्थानों के प्रतिभाशाली तैराकों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा में अंकुर राज ने अपनी अद्भुत तैराकी क्षमता का प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में स्वर्ण पदक, जबकि 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक और 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में रजत पदक अपने नाम किया।

अंकुर की यह उपलब्धि महज तीन पदकों की जीत नहीं है। बल्कि यह उनकी मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और वर्षों के निरंतर अभ्यास की कहानी है। देश की प्रतिष्ठित तकनीकी संस्था आईआईटी में अध्ययन के साथ खेल के क्षेत्र में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करना निश्चित रूप से युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का विषय है।

बिहार के लिए गर्व का क्षण

अंकुर राज की शानदार सफलता से आईआईटी पटना के साथ-साथ पूरे बिहार का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है। कि बिहार की धरती पर प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें सही अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की है।

अंकुर की सफलता बिहार के उन तमाम युवा खिलाड़ियों के लिए भी उम्मीद की नई किरण है। जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।

अंडरवाटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ बिहार ने दी बधाई

अंकुर राज की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अंडरवाटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष मनोज कुमार शर्मा ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि अंकुर राज ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से बिहार का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में अंकुर राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश और बिहार का नाम रोशन करेंगे।

इस अवसर पर सचिव रंजन कुमार तिवारी, उपाध्यक्ष प्रभु राम, विभा कुमारी, डी.के. सिंह, निशिकांत राय, मनीष कुमार, श्याम कुमार एवं अविनाश कुमार सहित एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारियों ने भी अंकुर राज को शानदार सफलता पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

एक खिलाड़ी की जीत, हजारों युवाओं की प्रेरणा

अंकुर राज की यह सफलता केवल पदकों तक सीमित नहीं है। यह उस विश्वास की जीत है कि अगर लक्ष्य बड़ा हो, मेहनत सच्ची हो और हौसला मजबूत हो तो सफलता की कोई सीमा नहीं होती।

बिहार को आज अपने इस युवा तैराक पर गर्व है। उम्मीद है कि अंकुर राज आने वाले दिनों में और बड़ी उपलब्धियां हासिल कर आईआईटी पटना, बिहार और पूरे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन करेंगे।

 

रिपोर्ट – सुरेश कुमार शर्मा

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई