लखनऊ
यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन ने 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी श्रेणी के अवकाश प्राप्त पत्रकारों और उनके परिवारों को आयुष्मान योजना में शामिल किए जाने की मांग की है। वर्तमान में यह लाभ केवल मान्यता प्राप्त पत्रकारों को ही मिल रहा है।
यूनियन के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उनके अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद को सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि –
1. ऐसे अवकाश प्राप्त पत्रकार जिनकी एक निश्चित अवधि तक मान्यता रही है, उन्हें रिटायरमेंट के बाद भी योजना में शामिल रखा जाए।
2. जिन श्रमजीवी पत्रकारों के पास EPFO का पेंशन पेमेंट ऑर्डर (PPO) है, उन्हें भी योजना का लाभ दिया जाए।
3. अन्य श्रमजीवी पत्रकारों के लिए अलग से नियमावली बनाकर उन्हें आच्छादित किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल में प्रादेशिक महामंत्री देवराज सिंह, लखनऊ मंडल अध्यक्ष शिवशरन सिंह, अविनाश शुक्ला, शिव विजय सिंह, टी एन मिश्रा, डीपी शुक्ला और अनिल सैनी शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने अपर मुख्य सचिव को महोबा में आयोजित प्रादेशिक प्रतिनिधि सम्मेलन के प्रस्ताव भी सौंपे, जिनमें पत्रकारों के लिए पेंशन, PGI सुविधा का सरलीकरण, सस्ती दर पर आवास/प्लॉट आवंटन, पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने और प्रेस मान्यता समिति के गठन की मांग शामिल है।
यूनियन के प्रादेशिक अध्यक्ष हसीब सिद्दीकी ने मान्यता प्राप्त पत्रकारों को आयुष्मान योजना में शामिल करने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों को आयुष्मान का लाभ दे रही है, ऐसे में यदि यूपी सरकार 60 वर्ष से अधिक के अवकाश प्राप्त पत्रकारों को इसमें शामिल करती है तो उत्तर प्रदेश ऐसा करने वाला देश का पहला राज्य बन जाएगा।
इस पर अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद ने प्रतिनिधिमंडल को मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।







