सकलडीहा
सकलडीहा तहसील क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय अहिकौरा के प्रांगण में सोमवार को विश्व शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता एवं पत्रकार अमित मौर्य ने विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं को कलम व माला पहनाकर सम्मानित किया।
इस दौरान अमित मौर्य ने कहा कि विश्व शिक्षक दिवस का उद्देश्य दुनियाभर में शिक्षकों के अमूल्य योगदान, समर्पण और समाज निर्माण में उनकी भूमिका को सम्मान देना तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर 1966 को हुई एक विशेष अंतर-सरकारी बैठक में शिक्षकों की स्थिति से जुड़े अंतर्राष्ट्रीय मानक, अधिकार और जिम्मेदारियां तय की गई थीं, उसी की याद में यह दिवस मनाया जाता है। शिक्षक बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनमें तार्किक सोच, रचनात्मकता और समस्या हल करने की क्षमता भी विकसित करते हैं। बच्चों को सही समय पर मिला एक प्रोत्साहन उनका आत्मविश्वास और भविष्य की दिशा बदल सकता है।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक वीरेंद्र कुमार, कालिंदी सिंह, ऋषिकेश, सविता देवी, भगवती, रीमा सहित सभी शिक्षक उपस्थित रहे।







