शहाबगंज (चंदौली)
थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत की ओर गए एक युवक पर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने कथित तौर पर हमला कर दिया। हमले में युवक की गर्दन पर गंभीर चोट आई है। परिजनों के अनुसार, उपचार के दौरान गर्दन में 19 टांके लगाए गए हैं।
पहाड़पुर गांव निवासी विकास कुमार पुत्र स्वर्गीय सुदर्शन के अनुसार, वह शाम करीब 6:45 बजे शौच के लिए खेत की तरफ गया था। इसी दौरान गांव के उत्तर तरफ गोविंदीपुर रोड की ओर अपाचे बाइक से दो लोग पहुंचे। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे।
आरोप है कि बाइक सवारों ने विकास को रास्ते में रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से विकास घबरा गया और अपनी जान बचाने के लिए वहां से भागने लगा। हमलावरों से बचकर किसी तरह वह गांव की ओर पहुंचा।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल विकास को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। पीड़ित के भाई मुंशी राम का कहना है कि हमले में विकास की गर्दन पर गंभीर चोट आई है और उपचार के दौरान 19 टांके लगाए गए हैं।
मुंह ढके होने से नहीं हो सकी पहचान
पीड़ित पक्ष की ओर से शहाबगंज थाने में प्रार्थना पत्र देकर घटना की जांच और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। तहरीर में बताया गया है कि दोनों हमलावरों ने अपना मुंह कपड़े से ढक रखा था, जिसके कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर हमलावरों की पहचान करने, घटना में इस्तेमाल बाइक और हथियार के संबंध में जांच करने तथा आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही परिवार को भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई गई है।
पुलिस जांच पर टिकी नजर
घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि युवक को सुनसान रास्ते में रोककर हमला किया गया। ऐसे में घटना की वास्तविक वजह, हमलावरों की पहचान और हमले में इस्तेमाल हथियार की जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। अब मामले में शहाबगंज पुलिस की जांच और कार्रवाई पर लोगों की नजर टिकी है।







