गोरखपुर। कैण्ट पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अवैध असलहों की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध .32 बोर पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक अतिरिक्त मैगजीन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक आरोपी थाना शाहपुर में दर्ज मुकदमे में 10 हजार रुपये का इनामिया भी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुलायम निषाद उर्फ नितेश निवासी डुमरी खास, थाना चौरी चौरा, शैलेन्द्र निषाद निवासी लहसड़ी खैरा टोला, थाना रामगढ़ताल, वीरू साहनी उर्फ गौरव निवासी लहसड़ी बरबसपुर, थाना रामगढ़ताल और चन्दन जायसवाल उर्फ लकी निवासी विशम्भरपुर, थाना चौरी चौरा के रूप में हुई है। चारों के खिलाफ थाना कैण्ट में दर्ज मुकदमे के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरोह के अन्य सदस्य भी पहले पकड़े जा चुके पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर अवैध असलहों की तस्करी करते थे। इसी मामले में 15 सितंबर 2025 को गिरोह के पांच अन्य सदस्यों को चार पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। वहीं 26 सितंबर 2026 को एक अन्य आरोपी को एक पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया था। पुलिस की कार्रवाई के बाद गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, हत्या, लूट और अन्य धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं। शैलेन्द्र निषाद के खिलाफ थाना खोराबार, रामगढ़ताल और शाहपुर में कई मुकदमे दर्ज हैं।
उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामले दर्ज बताए गए हैं। वीरू साहनी उर्फ गौरव के खिलाफ भी रामगढ़ताल और शाहपुर थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
मुलायम निषाद उर्फ नितेश के खिलाफ थाना कैण्ट में वर्तमान मुकदमे के अलावा थाना गगहा में भी मामला दर्ज है। वहीं चन्दन जायसवाल उर्फ लकी के खिलाफ थाना कैण्ट में इसी मामले में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान बरामद दोनों पिस्टल .32 बोर की हैं। इसके अलावा दो जिंदा कारतूस और एक अतिरिक्त मैगजीन भी मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
अवैध असलहों की तस्करी के इस मामले में थाना कैण्ट पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।







