लखनऊ
राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 3567 नव चयनित माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता पीजीटी और सहायक अध्यापक टीजीटी अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा।
चयनित अभ्यर्थियों में 319 प्रधानाचार्य, 258 प्रधानाध्यापक, 618 प्रवक्ता पीजीटी तथा 2372 सहायक अध्यापक टीजीटी शामिल हैं। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गुलाब देवी भी मौजूद रहीं। इस आयोजन का प्रदेश भर में लाइव प्रसारण भी किया गया।
इन्फ्रास्ट्रक्चर, उद्योग को आपके द्वारा पढ़ाया गया विद्यार्थी गति देगा –

इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि यदि एक शिक्षक साल भर में 100 छात्रों से इंटरैक्शन करता है तो आप सभी मिलकर 3.5 लाख से अधिक बच्चों को गाइड करने की सामर्थ्य रखते हैं। सरकार इन्फ्रास्ट्रक्चर दे सकती है, उद्योग लगाने में मदद कर सकती है, लेकिन इन्हें गति कैसे देनी है, ये बात आपके द्वारा पढ़ाया गया विद्यार्थी तय करेगा। जब यह प्रक्रिया आगे बढ़ेगी तब आत्मनिर्भर भारत बनेगा।
पहले आपके अधिकार पर डाका पड़ता था –
सीएम ने कहा कि नकल माफिया की कमर तोड़ने के लिए पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार को अध्यक्ष बनाया गया। कोई सैफई माफिया डकैती न डाल सके, इसलिए व्यवस्था बनाई गई। जो आपका अधिकार था, उस पर डाका पड़ता था।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज में कुछ बच्चे धरने पर बैठे हैं, हमने उन्हें राहत देने के लिए माध्यमिक शिक्षा मंत्री से कहा है कि वो एनसीटीई को तुरंत पत्र लिखें कि छात्रों को एक बार राहत दे, एक समय के बाद नियम लागू करें। ताकि युवाओं के हौसलों में कोई ब्रेकर न बने।
सीएम ने कहा हमने सैफई सिंडिकेट को बता दिया है, कि हम देते रहेंगे, आप गिनते रहिए। गिनती न आती हो तो चाचा शिवपाल से गिनती सीख लें।
जिनके कारनामों से यूपी थर्राता था, वो उपदेश दे रहे –

सीएम ने कहा कि जिनके कारनामों से यूपी थर्राता था, वो आज उपदेश दे रहे हैं। एक नौजवान ने रोते हुए बताया कि 2015 में भी इसी पद के लिए आवेदन किया था, मुझसे आठ लाख मांगे गए, जब तक मैं पैसे की व्यवस्था करके आया, तब तक मुझसे ज्यादा पैसा देने वाले को नौकरी मिल गई। आज हमें योग्यता के आधार पर उसी पद पर नौकरी मिल गई है।
छह महीने में एक लाख नौकरियां और देंगे –
सीएम ने कहा कि आज स्कूलों में अटल टिंकरिंग लैब बन रही हैं। पहले यह सब करने की इच्छा शक्ति नहीं थी। अब तक 9.5 लाख युवाओं को हमने नौकरी दी। आगे छह महीने में एक लाख नौकरियां और देंगे।
सीएम ने चयनित शिक्षकों से कहा कि आपका काम सिर्फ पढ़ाना नहीं है, बल्कि आपके पढ़ाए हुए बच्चे हमेशा अपनी स्मृति में रखें ऐसा काम करना होगा। गूगल आपको जानकारी दे सकता है, एआई उत्तर दे सकता है, लेकिन कब, कहां, क्या करना है छात्र वह तय कर सके। आपको उसे वैसा बनाना है।
लेनदेन की बात आई तो जेल में सड़ना पड़ेगा –
सीएम ने कहा कि यदि किसी प्रधानाचार्य की इच्छा है तो उसे शासन को उपलब्ध कराएं। सभी चयनित लोगों की जॉइनिंग में कोई दिक्कत न आए। यदि कहीं भी कोई लेनदेन की बात आई तो समझ लेना जेल में सड़ना पड़ेगा।
मंत्री गुलाब देवी बोलीं – योग्य अभ्यर्थियों का चयन हुआ है –
मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि आपने अपनी योग्यता, लगन से विभाग में अपनी जिम्मेदारी प्राप्त की है। पूर्व में योग्य लोग रह जाते थे। सूची के आधार पर चयन हो जाता था। आज सीएम योगी के नेतृत्व में ऐसा नहीं है। आज चयनितों को नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि शिक्षक में सृजन की शक्ति होती है। चाणक्य ने कहा था कि शिक्षक में सृजन की शक्ति होती है। आज सीएम ने सड़कों का जाल बिछाया है। पहले इटावा, रामपुर में ही लाइट आती थी। आज आपका चयन मेरिट पर हुआ है।










Users Today : 58
Users This Year : 29106
Total Users : 41699
Views Today : 100
Total views : 80492