भभुआ, कैमूर
जिला फुटबॉल संघ कैमूर के तत्वावधान में जगजीवन स्टेडियम, भभुआ में आयोजित जिला फुटबॉल सुपर लीग चैंपियनशिप 2026 के तहत रविवार को इलेवन स्टार फुटबॉल क्लब अधौरा बनाम स्पोर्ट्स फुटबॉल क्लब भभुआ के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। प्रतियोगिता का आयोजन जिला फुटबॉल संघ कैमूर के सचिव निर्मल सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है।
मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि सिद्धेश्वर सिंह कुशवाहा एवं विशिष्ट अतिथि जितेंद्र प्रसाद, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक, जिला फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष बिरजू सिंह पटेल, मुकेश पटेल, पप्पू अंसारी एवं प्रधानाध्यापक संजय कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
जिला फुटबॉल संघ के मीडिया प्रभारी डॉ. तुलसी प्रसाद सिंह ने बताया कि मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ में इलेवन स्टार फुटबॉल क्लब अधौरा के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए स्पोर्ट्स फुटबॉल क्लब भभुआ की रक्षा पंक्ति पर लगातार दबाव बनाए रखा। अधौरा के स्टार खिलाड़ी मुखलाल कुमार, रामजी सोनी एवं नंदलाल वामिक ने बेहतरीन तालमेल के साथ कई शानदार मूव बनाए।
पहले हाफ में अधौरा की ओर से नंदलाल कुमार जर्सी नंबर-9 ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद मुखलाल कुमार जर्सी नंबर-10 ने बेहतरीन फिनिशिंग करते हुए दूसरा गोल दाग दिया। इस प्रकार प्रथम हाफ की समाप्ति तक इलेवन स्टार फुटबॉल क्लब अधौरा 2-0 से आगे रहा।
दूसरे हाफ में स्पोर्ट्स फुटबॉल क्लब भभुआ ने वापसी के लिए खेल की गति तेज कर दी। टीम के अनुभवी एवं अपने जमाने के चर्चित खिलाड़ी राजेश कुमार राय उर्फ गुड्डू राय, टुन्नू, संजय कुमार, सचिन गुरुंग एवं सुरेश बुरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई बार गोल करने के अवसर बनाए। भभुआ की टीम ने लगातार हमले किए और अधौरा की रक्षा पंक्ति को दबाव में रखने का प्रयास किया। मुकाबला बेहद रोमांचक बना रहा और दोनों टीमों के खिलाड़ी पूरे जोश के साथ मैदान में संघर्ष करते नजर आए।
मैच के दौरान जगजीवन स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अधौरा के खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन पर दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
मैच का संचालन फुटबॉल संयोजक शौकत अली गद्दी ने किया। मुख्य रेफरी की भूमिका जिला फुटबॉल संघ के सचिव निर्मल सिंह ने निभाई, जबकि सहायक रेफरी के रूप में असरफ अली, रणजीत दास उर्फ काका जी एवं इम्तियाज अली ने अपनी भूमिका निभाई।
इस अवसर पर संजय यादव, राजू, संदीप सेठ, प्रियांशु कुमार, रविन्द्र कुमार, एसआई, जगनारायण यादव, कबीर अली, विपिन सिंह सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं दर्शक उपस्थित रहे।
जिला फुटबॉल संघ मीडिया प्रभारी डॉ. तुलसी प्रसाद सिंह ने कहा कि जिला फुटबॉल सुपर लीग के माध्यम से कैमूर के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिल रहा है। विशेष रूप से अधौरा जैसे सुदूरवर्ती पहाड़ी क्षेत्र के खिलाड़ियों का इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कैमूर फुटबॉल के लिए उत्साहजनक है।







