बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 23 सितंबर को बक्सर के दौरे पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका बक्सर का दूसरा दौरा होगा। अपने प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री बक्सर केंद्रीय कारा परिसर में आयोजित बावन भगवान के जन्मोत्सव समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर विशेष तैयारी बावन भगवान के जन्मोत्सव को लेकर केंद्रीय कारा परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात, पार्किंग और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का लगातार जायजा लिया जा रहा है। अधिकारियों की टीम आयोजन स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रही है, ताकि कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक तक, प्रशासन ने कसी कमर
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक समेत जिले के वरीय अधिकारी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात को सुचारू रखने और कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक रणनीति तैयार की जा रही है।
मुख्यमंत्री के आगमन और धार्मिक आयोजन को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों पर भी विशेष निगरानी रखे जाने की तैयारी है। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं की आवाजाही के साथ-साथ आम लोगों को भी आवागमन में परेशानी न हो। बावन भगवान को लेकर सीएम की पिछली घोषणा भी चर्चा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इस दौरे को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि अपने पिछले बक्सर दौरे के दौरान उन्होंने केंद्रीय कारा परिसर में स्थित बावन भगवान को जेल परिसर से बाहर लाने की घोषणा की थी।
उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए मंदिर को अधिक सुलभ बनाने और दर्शन-पूजन की सुविधा बेहतर करने की बात कही थी। ऐसे में 23 सितंबर को होने वाला मुख्यमंत्री का बक्सर दौरा धार्मिक आयोजन के साथ-साथ बावन भगवान से जुड़ी उनकी पूर्व घोषणा के कारण भी चर्चा में है। जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बावन भगवान के जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े सभी पहलुओं पर अधिकारियों की नजर है। अब 23 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम पर जिलेवासियों और श्रद्धालुओं की नजर टिकी है।







