डेहरी ऑन सोन- आदर्श जन कल्याण फाउंडेशन, डेहरी ऑन-सोन के न्यू कामधेनु मार्ट में दिनांक 19 सितंबर 2026 को कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता फाउंडेशन की सचिव डॉ. अर्चना गुप्ता ने की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेहतर सेवा संघ बिहार के प्रदेश अध्यक्ष व डॉ. अम्बेडकर फैलोशिप सम्मान प्राप्त मोहन राम (पत्रकार) तथा विशिष्ट अतिथि वरीय समाजसेवी अनुज कुशवाहा रहे। सर्वप्रथम डॉ. गुप्ता ने आगत अतिथियों को अंगवस्त्र व फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।
फाउंडेशन के उद्देश्यों पर चर्चा:
डॉ. गुप्ता ने कहा कि संस्था समाज के दलित व उत्पीड़ितों को मुख्यधारा से जोड़ने का काम करती है। उन्होंने बताया कि कमजोर वर्ग की पढ़ी-लिखी बच्चियों एवं महिलाओं को अनुभवी शिक्षिका द्वारा सिलाई, बुनाई एवं कढ़ाई सिखाई जाती है। उन्होंने कहा कि शादी के बाद बच्चियां देश के किसी भी राज्य – झारखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब या दिल्ली में जाकर भी इस कार्य को आगे बढ़ा सकती हैं, फाउंडेशन के सर्टिफिकेट पर कहीं कोई बाधा नहीं होगी। उन्होंने कहा मैं जीवन पर्यंत फाउंडेशन द्वारा दलित व असहायों के विकास हित में कार्य करती रहूंगी।
मुख्य अतिथि मोहन राम ने कहा कि जब तक समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों का विकास नहीं होगा, तब तक बाबा साहेब का सपना अधूरा रहेगा। इसलिए मेहतर, डोम, मुसहर एवं भुइयां जैसे घोर उपेक्षित वर्गों में जाकर जागृति पैदा करनी है।
विशिष्ट अतिथि अनुज कुशवाहा ने कहा कि समाज के विकास हित में जहां भी जरूरत होगी, वे हर दुख-सुख में फाउंडेशन के साथ खड़े रहेंगे।
कार्यक्रम में किरण कुशवाहा (पूर्व वार्ड पार्षद), नीलम कुमारी, बिंदेश्वरी पांडेय, उषा पांडेय, अरविंद गुप्ता, आदर्श अरविंद, कोषाध्यक्ष आशा गुप्ता, रंजू सिंह, कंचन सोनी, आशा देवी, कुंवर प्रसाद सिंह, धनंजय शर्मा, रामेश्वर सिंह कुशवाहा, वीर वसंत लाल, प्रिय रंजन, दिवाकर पाल, महेंद्र प्रसाद, अमित कुमार, अनिल गुप्ता, सुदामा शर्मा, बाबू भाई सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।







