रामनगर में विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने की जनसुनवाई, कई दर्जन लोगों की समस्याओं का कराया समाधान

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

वाराणसी

रामनगर में आयोजित नियमित जनसुनवाई में विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने क्षेत्र के कई दर्जन लोगों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर अनेक समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

इस दौरान गुरुद्वारा कमेटी रामनगर के अध्यक्ष मनजीत सिंह एवं पूर्व अध्यक्ष रविंद्र सिंह लड्डू के नेतृत्व में समस्त गुरुद्वारा कमेटी के पदाधिकारी विधायक सौरभ श्रीवास्तव से मिले।

कमेटी के सदस्यों ने बताया कि रामनगर का गुरुद्वारा साहिब क्षेत्र का अत्यंत पुराना एवं प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है। उन्होंने गुरुद्वारे की भव्यता और सुंदरता को बढ़ाने के लिए यहां एक भव्य एवं वृहद मुख्य द्वार बनवाने का प्रस्ताव विधायक के समक्ष रखा।

विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने गुरुद्वारा कमेटी के प्रस्ताव को सहमति प्रदान करते हुए आश्वासन दिया कि इस दिशा में जल्द आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों का विकास और सौंदर्यीकरण क्षेत्र की पहचान को और मजबूत करता है।

जनसुनवाई में मुख्य रूप से पिछले तीन महीनों से पेंशन रुकने की शिकायत लेकर पहुंचे लाभार्थियों की समस्या पर विधायक ने अधिकारियों से तत्काल वार्ता की। उन्होंने निर्देश दिया कि पात्र लाभार्थियों की पेंशन इसी माह से पुनः शुरू कराई जाए, ताकि बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

वहीं कई महिलाओं ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए विधायक से रोजगार दिलाने में सहयोग एवं सिफारिश का आग्रह किया। विधायक ने उनकी बात गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि उनकी योग्यता एवं परिस्थितियों के अनुसार उचित स्थान पर समायोजन का प्रयास किया जाएगा।

एक वृद्ध महिला बीमारी के उपचार के लिए सहायता की गुहार लेकर पहुंचीं। विधायक ने तत्काल उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्हें लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय में उपचार के लिए भिजवाने की व्यवस्था कराई, ताकि उनका इलाज समय पर शुरू हो सके।

इसके अलावा दो महिलाएं गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं। उनके बेहतर उपचार के लिए विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री से उपचार सहायता उपलब्ध कराने हेतु पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया।

जनसुनवाई के दौरान विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या लेकर उनके पास आता है तो उसकी समस्या को गंभीरता से सुनना और उसके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करना उनका दायित्व है।

रामनगर की नियमित जनसुनवाई में विधायक की यह संवेदनशील और जन-केंद्रित कार्यशैली एक बार फिर देखने को मिली। उन्होंने केवल लोगों की समस्याएं सुनीं ही नहीं, बल्कि संबंधित अधिकारियों से तत्काल संवाद कर उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई भी सुनिश्चित की।

जनसुनवाई में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे और अपनी विभिन्न समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं।

 

रिपोर्ट – रिम्मी कौर

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत थाना जंसा पुलिस द्वारा परिवार परामर्श केंद्र से लाभान्वित परिवारों को सम्मानित करने एवं छात्राओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने के संबंध में।