चंदौली
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने जनपद में थाना कार्यालयों की कार्यप्रणाली और अभिलेखों के रखरखाव को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों, हेड मोहर्रिर और मुंशियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि थानों में रखे जाने वाले सभी रजिस्टर एवं अभिलेख समय से अपडेट और व्यवस्थित रहें।
SP ने कहा कि पुलिस रिकॉर्ड में किसी भी तरह की लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। थानों में अपराध संबंधी अभिलेखों, लंबित मामलों और अन्य जरूरी दस्तावेजों की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि पुलिसिंग व्यवस्था अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनी रहे।
अपराधियों के चिन्हीकरण पर भी विशेष जोर दिया गया है। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, गुंडा एक्ट की रिपोर्ट तैयार करते समय गुणवत्ता और तथ्यों की सटीकता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
SP आकाश पटेल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि थाना कार्यालयों के रिकॉर्ड में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी। पुलिस अधीक्षक के इस सख्त एक्शन प्लान से थाना कार्यालयों की व्यवस्था और रिकॉर्ड प्रबंधन को और बेहतर बनाने की दिशा में कार्रवाई तेज होने की उम्मीद है।







