फुटपाथ पर अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान, एसपी ने रात में किया औचक निरीक्षण

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

चन्दौली

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर मुगलसराय। सोमवार की रात करीब 10:30 बजे पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल अचानक मुगलसराय नगर क्षेत्र में पहुंचे। एसपी के औचक निरीक्षण से पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ गई। उन्होंने सब्जी मंडी से लेकर सुभाष पार्क तक फुटपाथ पर दुकान लगाकर आवागमन बाधित करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से सभी दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि फुटपाथ पैदल चलने वाले लोगों के लिए है। इस स्थान पर दुकान लगाने से राहगीरों को परेशानी होती है और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। पुलिस ने फुटपाथ पर लगी दुकानों को तत्काल हटवाया और दुकानदारों को भविष्य में दोबारा दुकान नहीं लगाने की चेतावनी दी।

अभियान के दौरान सीओ मुगलसराय अरुण कुमार सिंह, सीओ यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा, यातायात प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश यादव तथा जलीलपुर चौकी प्रभारी अजय यादव सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस टीम ने सब्जी मंडी से सुभाष पार्क तक फुटपाथ पर लगी दुकानों को हटवाते हुए सड़क और पैदल मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अभियान के बाद यदि कोई दुकानदार दोबारा फुटपाथ पर दुकान लगाता पाया गया तो उसके खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही आवश्यकता पड़ने पर अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

एसपी आकाश पटेल के निर्देश पर देर रात चले इस अभियान से दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा। वहीं, फुटपाथ खाली होने से राहगीरों को पैदल आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नगर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और आम लोगों को परेशानी से बचाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

 

रिपोर्ट – आलिम हाशमी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई