श्रेया हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; नीतू कादयान और नृपेन्द्र कुमार की रणनीति से पुलिस को बड़ी सफलता

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

वाराणसी।

श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में वाराणसी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू कादयान और अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र कुमार के निर्देशन और प्रभावी रणनीति में थाना राजातालाब पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त विवेक चौबे उर्फ निखिल को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिनी भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय श्रेया उपाध्याय के लापता होने के बाद 20 अगस्त को उनका शव रोहनिया क्षेत्र के बच्छाव पश्चिमपुरा में बरामद हुआ था। इस संबंध में थाना राजातालाब में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान और एडीसीपी गोमती जोन नृपेन्द्र कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले के शीघ्र खुलासे के लिए थाना राजातालाब और एसओजी की चार विशेष पुलिस टीमों का गठन कराया था।

दोनों अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीमों ने लगातार दबिश और कार्रवाई करते हुए पहले 24 अगस्त को अभियुक्त पुनीत मिश्रा को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर जेल भेजा। इसके बाद 27 अगस्त को रामसहाय चौबे को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की टीमें मुख्य अभियुक्त विवेक चौबे की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं।

जगतदेवपुर के पास हुई मुठभेड़

सोमवार को थाना राजातालाब पुलिस वांछित अभियुक्तों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर जगतदेवपुर के पास पुलिस ने घेराबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें विवेक चौबे के दाहिने पैर में गोली लग गई।

शादी कहीं और तय होने से था नाराज!

पूछताछ में विवेक चौबे उर्फ निखिल ने बताया कि श्रेया की शादी अन्यत्र तय होने से वह नाराज था। इसी नाराजगी में उसने अपने साथी पुनीत मिश्रा के साथ मिलकर 18 अगस्त को श्रेया की हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

अभियुक्त के कब्जे से .315 बोर का एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

डीसीपी नीतू कादयान और एडीसीपी नृपेन्द्र कुमार के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई ने श्रेया हत्याकांड की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता दिलाई है। पुलिस अब गिरफ्तार मुख्य अभियुक्त से मिली जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई कर रही है।

 

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई