नौगढ़/चंदौली
जनपद चंदौली के दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्र नौगढ़ विकासखंड से मनरेगा योजना में जॉब कार्ड काटे जाने का मामला सामने आया है। ग्राम गोलाबाद निवासी ग्रामीण सुरेश ने ग्राम रोजगार सेवक पर कथित रूप से मनमानी करते हुए बिना स्पष्ट कारण और सूचना के उसका मनरेगा जॉब कार्ड काटे जाने का आरोप लगाया है।
ग्रामीण का आरोप है कि गांव की राजनीति के चलते उसके साथ यह कार्रवाई की गई, जिसके कारण उसे मनरेगा योजना के तहत रोजगार पाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है
ग्रामीण के मुताबिक उसका मनरेगा जॉब कार्ड संख्या 1107-A है। आरोप है कि 11 फरवरी 2026 को ग्राम रोजगार सेवक द्वारा बिना कोई स्पष्ट कारण बताए उसका जॉब कार्ड काट दिया गया। जॉब कार्ड कटने के बाद से ग्रामीण लगातार संबंधित अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर काट रहा है। शिकायतकर्ता का दावा है कि करीब चार माह बीत जाने के बावजूद उसकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की शिकायत
ग्रामीण का कहना है कि जब स्थानीय स्तर पर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उसने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर भी दर्ज कराई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसकी शिकायत का वास्तविक समाधान करने के बजाय कथित रूप से रिपोर्ट लगाकर मामले का निस्तारण कर दिया गया। इससे शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
शिकायतकर्ता ने खंड विकास अधिकारी नौगढ़ से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ग्रामीण का कहना है कि जॉब कार्ड काटे जाने का स्पष्ट कारण उसे बताया जाए और यदि नियमों के विपरीत कार्रवाई की गई है तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि ग्रामीण का मनरेगा जॉब कार्ड नियमों के तहत काटा गया या फिर बिना उचित प्रक्रिया के कार्रवाई की गई? इसका वास्तविक खुलासा विभागीय जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले में संबंधित रोजगार सेवक और विभागीय अधिकारियों का पक्ष सामने नहीं आया है।
ग्रामीण ने अधिकारियों से मनरेगा मजदूरों के हितों को ध्यान में रखते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जॉब कार्ड बहाल कराने तथा दोषी पाए जाने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट – आलिम हाशमी







