वाराणसी
वाराणसी विधायक सौरभ ने रामनगर में की जनसुनवाई की , 5 दर्जन से अधिक लोगों की समस्याएं सुनी
अपने नियमित जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत कैंट विधानसभा क्षेत्र के विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने रामनगर के बटाऊबीर स्थित श्यामा उपवन में जनसुनवाई की। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से पहुंचे 5 दर्जन से अधिक लोगों ने विधायक के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं।
जनसुनवाई के दौरान एक महिला ने बताया कि वह इलाज के लिए लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय गई थी, जहां उसे ₹50 की पट्टी बाहर से खरीदने के लिए कहा गया। महिला की शिकायत पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से तत्काल मामले की जानकारी ली और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वहीं गोलाघाट निवासी एक महिला ने शिकायत की कि परिवार के ही दबंग लोगों द्वारा उसे अपना घर नहीं बनाने दिया जा रहा है। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में गोलाघाट क्षेत्र से आए एक व्यक्ति ने अपने गंभीर इलाज के लिए आर्थिक सहायता की आवश्यकता बताई। विधायक सौरभ ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जनसुनवाई में पहुंचे कई बुजुर्गों ने वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित समस्याएं भी विधायक के सामने रखीं। विधायक ने अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों की वृद्धावस्था पेंशन बनवाने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य जनता की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश देना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







