रामनगर, वाराणसी
कैंट विधानसभा क्षेत्र विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने अपने नियमित जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत मंगलवार को पुराना रामनगर क्षेत्र में जनसंपर्क किया। विधायक ने शास्त्री चौक से भ्रमण की शुरुआत की और क्षेत्र के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं स्थानीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जनसंपर्क के दौरान विधायक की नजर सड़क की खराब स्थिति पर पड़ी। सड़क जगह-जगह टूटी होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों ने विधायक को बताया कि बिजली के तार बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत ठीक ढंग से नहीं की गई, जिसके कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात की और तत्काल सड़क को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों के दौरान जनता को असुविधा नहीं होनी चाहिए और किसी भी कार्य के बाद सड़क अथवा सार्वजनिक मार्ग को व्यवस्थित स्थिति में छोड़ना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है।
इसके साथ ही विधायक ने क्षेत्र में लोगों से मिलकर उनका हाल-चाल जाना और उनकी अन्य समस्याओं को भी सुना। उन्होंने स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार क्षेत्र में मौजूद रहेंगे और संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा।
इस दौरान संतोष द्विवेदी, प्रीति सिंह, मधुकर पांडेय, सृजन श्रीवास्तव, रितेश राय, जय सिंह चौहान, रितेश पाल, जितेंद्र सिंह, उदय श्रीवास्तव, गोविंद मौर्य, आलोक सिंह,रविशंकर जायसवाल, दिव्यांश केसरी, स्वयं श्रीवास्तव, कृष्ण गुप्ता, सहित अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।







