वाराणसी:
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह को प्राथमिक विद्यालयों की बदहाल स्थिति की वीडियो बनाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार कोनिया स्थित प्राथमिक विद्यालय पिछले 2 वर्षों से बंद है। AAP की ओर से प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत स्कूलों में टॉयलेट, शिक्षकों की कमी, पीने के पानी और बैठने की व्यवस्था जैसे मुद्दों को उठाया जा रहा था।
प्रवक्ता मुकेश सिंह ने कोनिया प्राथमिक विद्यालय की स्थिति का वीडियो बनाकर प्रदेश प्रभारी सांसद संजय सिंह को भेजा था, जिसे उन्होंने अपने एक्स हैंडल से ट्वीट किया। आरोप है कि इसके बाद प्रशासन ने मुकेश सिंह के खिलाफ FIR दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद AAP कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।







