वाराणसी
जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में जनपद में संचालित निराश्रित गोवंश संरक्षण केंद्रों (गौशालाओं) की व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक मंगलवार कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। जिसमें गौशालाओं में संरक्षित गोवंशों के रख-रखाव, हरे चारे, भूसे, पशु आहार, स्वच्छ पेयजल, पशु चिकित्सा सुविधाओं तथा साफ-सफाई की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी गौशालाओं में गोवंशों के लिए पर्याप्त मात्रा में हरे चारे की नियमित एवं निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। हरे चारे की आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए तथा वर्षा एवं अन्य परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अग्रिम व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने पशुपालन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोवंशों के स्वास्थ्य परीक्षण नियमित रूप से कराए जाएं तथा बीमार एवं कमजोर गोवंशों के लिए विशेष पोषण एवं उपचार की व्यवस्था की जाए। साथ ही स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई एवं शेड की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। गोवंशों के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु समय-समय पर चिकित्सा परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि गौशालाओं का नियमित निरीक्षण किया जाए और शासन की मंशा के अनुरूप गोवंशों के संरक्षण एवं संवर्धन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यवस्थाओं में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











Users Today : 10
Users This Year : 24728
Total Users : 37321
Views Today : 21
Total views : 73459