चन्दौली
शुक्रवार को नगर क्षेत्र में चलाए गए सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता अभियान के दौरान बिना हेलमेट बाइक चला रहे एक व्यक्ति को रोककर यातायात अधिकारी ने नियमों का पालन करने की अपील की। इस दौरान अधिकारी और बाइक सवार के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

यातायात अधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार, परिवहन आयुक्त एवं पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान केवल लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण जा रही है।
अधिकारी ने बाइक सवार को समझाते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें। उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं सुरक्षित रहें, अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें और समाज में भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाएं।

बातचीत के दौरान अधिकारी ने हल्के-फुल्के अंदाज में बाइक सवार से कहा कि वह पढ़े-लिखे और सक्षम व्यक्ति लगते हैं, इसलिए हेलमेट न पहनने का कोई कारण नहीं होना चाहिए। इस पर बाइक सवार ने भी मुस्कुराते हुए जवाब दिया, जिससे माहौल कुछ देर के लिए सहज हो गया। इसके बाद अधिकारी ने संदेश दिया कि “आप सुधरेंगे, जग सुधरेगा” और सभी को यातायात नियमों का पालन करने की प्रेरणा दी।
अंत में यातायात अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि बिना हेलमेट वाहन चलाते हुए पकड़े गए तो नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वाहन सीज़ करने सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।

अभियान के दौरान लोगों से एक बार फिर अपील की गई कि सड़क पर निकलने से पहले हेलमेट अवश्य पहनें, गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों का सम्मान करें।
रिपोर्ट – आलिम हाशमी







