चन्दौली पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)
मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देते हुए मंगलवार को नगर पालिका परिषद पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के वार्ड संख्या-7, पथरा भाग-2 क्षेत्र में विधायक रमेश जायसवाल ने 250 केवीए क्षमता वाले नए विद्युत ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया। ट्रांसफार्मर के शुरू होने से पराहूपुर विकास नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से बनी हुई लो वोल्टेज की समस्या से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
उद्घाटन समारोह के दौरान विधायक रमेश जायसवाल ने क्षेत्रीय नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि जायसवाल स्कूल के आसपास स्थित पराहूपुर विकास नगर में बिजली की कम वोल्टेज की समस्या काफी समय से बनी हुई थी। इसके कारण स्थानीय लोगों को गर्मी के मौसम में विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्य में विलंब हो रहा था, लेकिन उनके प्रयासों से स्थान की व्यवस्था कराई गई और अब ट्रांसफार्मर स्थापित कर जनता को समर्पित कर दिया गया है।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए ट्रांसफार्मर के चालू होने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बेहतर होगी तथा लो वोल्टेज की समस्या से लोगों को स्थायी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर बिजली विभाग के एसडीओ, अवर अभियंता (जेई), पूर्व सभासद डब्बू कन्नौजिया, वर्तमान सभासद अमित खरवार, संतोष मिश्रा, छोटू जायसवाल तथा विधायक प्रतिनिधि संजय कन्नौजिया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने ट्रांसफार्मर स्थापना के लिए विधायक का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताया।









Users Today : 46
Users This Year : 24774
Total Users : 37367
Views Today : 70
Total views : 73529