जौनपुर।
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने तहसील मड़ियाहूं का आकस्मिक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था, न्यायालयों के कार्य संचालन और अभिलेखों के रखरखाव की गहन समीक्षा की। अचानक पहुंचे डीएम के निरीक्षण से तहसील परिसर में हड़कंप की स्थिति रही और अधिकारियों-कर्मचारियों में सक्रियता बढ़ गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने तहसील परिसर स्थित सभी न्यायालयों एवं कार्यालयों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आपूर्ति कार्यालय, नजारत, संग्रह अनुभाग, रिकॉर्ड रूम सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों, रजिस्टरों और पत्रावलियों का बारीकी से परीक्षण किया।

डीएम ने एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार न्यायालयों में लंबित एवं संचालित वादों से संबंधित पत्रावलियों का अवलोकन किया और मामलों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अभिलेख एवं रजिस्टर अद्यतन और सुव्यवस्थित रखे जाएं तथा लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने तहसील परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि परिसर में नियमित स्वच्छता बनाए रखी जाए तथा आने वाले लोगों को भी साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और फरियादियों की शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं से संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि न्यायालयों के सुचारु संचालन और वादों के समयबद्ध निस्तारण में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिवक्ता संघ के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर मामलों का तय समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को शीघ्र न्याय मिल सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता को त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी अधिकारी-कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ करें।










Users Today : 10
Users This Year : 24689
Total Users : 37282
Views Today : 18
Total views : 73326