चन्दौली सैदूपुर
सहकारी समिति पर गेहूं खरीद में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। किसानों ने सचिव सुदर्शन यादव पर प्रति कुंतल 100 रुपये कमीशन मांगने, बिचौलियों का गेहूं बिना रोक-टोक खरीदने और किसानों को बोरी न होने का बहाना बनाकर लौटाने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को जमकर हंगामा किया।
किसान अजय कुमार तिवारी, छोटे लाल, श्याम नारायण और रमाकांत का आरोप है कि आम किसान महीनों से गेहूं बेचने के लिए समिति के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन सचिव बिचौलियों से कमीशन लेकर उनका माल तुरंत खरीद रहे हैं। वहीं किसानों से गेहूं खरीद के बाद क्वालिटी के नाम पर प्रति कुंतल कई किलो गेहूं अतिरिक्त काट लिया जाता है।
मंगलवार को ट्रैक्टर पर लदा सैकड़ों बोरी गेहूं केंद्र पर पहुंचते ही इंतजार कर रहे किसानों का सब्र टूट गया। मौके पर जुटे किसानों ने विरोध प्रदर्शन कर उच्च अधिकारियों को बुलाने की मांग की।
मामले की जानकारी पर किसान विकास मंच के मंत्री रामअवध सिंह ने कहा कि सहकारी समिति पर लगातार हो रहे भ्रष्टाचार से किसान परेशान हैं। ऐसे भ्रष्ट कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने इस संबंध में डिप्टी आरएमओ राघवेंद्र सिंह, पीसीएफ प्रबंधक धीरेंद्र कुमार, एडीसीओ अरुण कुमार सिंह और एडीओ कोऑपरेटिव सुनील राजपाल को अवगत कराया।
इस संबंध में डिप्टी आरएमओ राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और जांच कर कार्रवाई की जाएगी।










Users Today : 10
Users This Year : 24689
Total Users : 37282
Views Today : 19
Total views : 73327