वाराणसी
महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कमिश्नरेट वाराणसी की गोमती जोन पुलिस ने बड़े पैमाने पर सुरक्षा और जागरूकता अभियान चलाया।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) गोमती जोन नीतू कादयान के निर्देशन में मिशन शक्ति केंद्र और एंटी-रोमियो टीमों ने पूरे जोन में सघन चेकिंग कर मनचलों, संदिग्ध व्यक्तियों और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों पर शिकंजा कसा।
अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बैंक परिसरों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों, बाजारों, पार्कों तथा अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जांच की गई।
संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए छात्राओं और महिलाओं से छेड़छाड़ या अभद्र व्यवहार करने वालों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी गई।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान और गतिविधियों का सत्यापन किया गया तथा आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्रवाई भी की गई।
इसके साथ ही महिलाओं, छात्राओं और आम नागरिकों को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों, सहायता सेवाओं और मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों के बारे में जागरूक किया गया।एंटी-रोमियो और मिशन शक्ति टीमों ने महिला सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का संदेश भी दिया।
डीसीपी नीतू कादयान ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और मजबूत कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। गोमती जोन पुलिस ने दोहराया कि महिलाओं और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है और जनता के विश्वास को बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।











Users Today : 28
Users This Year : 24717
Total Users : 37310
Views Today : 106
Total views : 73437