वाराणसी।
कमिश्नरेट वाराणसी के गोमती जोन में पुलिस हिरासत के दौरान युवक की तबीयत बिगड़ने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान ने तत्काल सख्त रुख अपनाते हुए थाना फूलपुर के प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह को निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना फूलपुर पर दर्ज मुकदमा संख्या 134/2026 में महेश राजभर पुत्र रामलाल निवासी खालिसपुर को पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में लिया गया था। पूछताछ के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में पुलिसकर्मी उन्हें न्यू लक्ष्मी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है।
वहीं दूसरी ओर परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि हिरासत के दौरान महेश राजभर के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की गई, जिसकी वजह से उनकी हालत खराब हुई। मामला सामने आते ही डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कड़ा प्रशासनिक कदम उठाया और इंस्पेक्टर फूलपुर को सस्पेंड कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए।

पुलिस उपायुक्त कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराई जा रही है। जांच में पूछताछ की परिस्थितियों, मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका और चिकित्सकीय रिपोर्ट की गहन पड़ताल की जाएगी।
डीसीपी नीतू कादयान ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पुलिस हिरासत में किसी भी प्रकार की लापरवाही, दुर्व्यवहार या अधिकारों के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जांच में किसी भी पुलिसकर्मी की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है तो उसके खिलाफ कठोर विभागीय और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।











Users Today : 0
Users This Year : 24718
Total Users : 37311
Views Today :
Total views : 73438