चुनार थाना क्षेत्र के कैलहट गांव की घटना, परिजनों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का लगाया आरोप
मिर्ज़ापुर।
चुनार थाना क्षेत्र के कैलहट गांव मे विद्युत विभाग की लापरवाही से 40 वर्षीय किसान जयसिंह की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक जयसिंह पुत्र बंगाली सिंह मूल रूप से चुनार थाना क्षेत्र के कैलहट गांव के निवासी थे। वह वहां रहकर सब्जी की खेती करते थे। वर्तमान में वह परिवार के साथ संतनगर थाना क्षेत्र के मलुआ गांव में रह रहे थे।
परिजनों के अनुसार कैलहट गांव पर खेत में काम के दौरान टूटे हुए विद्युत तार की चपेट में आने से जयसिंह को जोरदार करंट लगा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पत्नी रीना सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिवार में 17 वर्षीय बेटा रोशन सिंह और 13 वर्षीय बेटी रियांशी सिंह हैं।
परिजनों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है। चुनार पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।







