चौबेपुर/वाराणसी
चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित मारकंडेय महादेव कुटी घाट पर शनिवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई, वहीं परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान राजू कनौजिया (37) पुत्र घनश्याम कनौजिया निवासी ग्राम नयेपुर, पोस्ट बचौर, थाना फूलपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि राजू मुंबई में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था।
वह शनिवार सुबह ही अपने दोस्तों विकास यादव, दिनेश यादव और राकेश यादव के साथ मुंबई से वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचा था। वहां से सभी लोग दर्शन-पूजन और गंगा स्नान के लिए मारकंडेय महादेव मंदिर आए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चारों दोस्त गंगा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक राजू का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलते ही कैथी चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 12:30 बजे युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि मृतक छह भाइयों में चौथे नंबर पर था। उसकी शादी करीब 10 वर्ष पूर्व हुई थी और उसकी एक आठ वर्षीय पुत्री भी है। घटना के बाद पत्नी सुमन कनौजिया का रो-रोकर बुरा हाल है।











Users Today : 0
Users This Year : 24718
Total Users : 37311
Views Today :
Total views : 73438