वाराणसी।
सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। कंदवा के बाद अब चौकाघाट स्थित राजकीय आयुर्वेद कॉलेज के पास मुख्य मार्ग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए निगम ने करीब 12 बिस्वा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। बाजार मूल्य के हिसाब से इस जमीन की कीमत लगभग 30 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, कुछ दबंगों ने बंजर सरकारी जमीन पर टीन शेड और दीवार खड़ी कर अवैध कब्जा जमा रखा था। यहां वाहनों की पार्किंग के साथ व्यापारिक गतिविधियां भी संचालित की जा रही थीं। शिकायत मिलने पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जांच कराई, जिसमें जमीन के बंजर होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद नगर आयुक्त के निर्देश पर सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव और नायब तहसीलदार शेष नाथ के नेतृत्व में प्रवर्तन दल दो जेसीबी मशीनों और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा। करीब छह घंटे तक चले अभियान में टीन शेड समेत सभी अस्थायी निर्माण ध्वस्त कर दिए गए और पूरी जमीन को निगम ने अपने कब्जे में ले लिया।
राजकीय आयुर्वेद कॉलेज के पास मेन रोड पर स्थित होने के कारण इस जमीन की कीमत काफी अधिक है। राजस्व विभाग के अनुसार यहां जमीन की दर करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपये प्रति बिस्वा है। इस कार्रवाई से भू-माफियाओं के मंसूबों पर बड़ा झटका लगा है।











Users Today : 0
Users This Year : 24718
Total Users : 37311
Views Today :
Total views : 73438