चन्दौली चकिया
तहसील क्षेत्र के बेलावर गांव में बंधी डिवीजन की ओर से चल रहे बंधी निर्माण कार्य में कुलावा लगाने को लेकर किसान दो गुटों में बंट गए हैं।
जानकारी के अनुसार बेलावर गांव में बंधी का निर्माण कार्य जोरों पर चल रहा है। कुलावा की ऊंचाई को लेकर किसानों में मतभेद हो गया है।
रामशाला और उसरी के किसानों का कहना है कि नए कुलावा का निर्माण पुराने तकनीकी ढांचे और उसी ऊंचाई पर किया जाए, जिस पर पहले लगा था। विभागीय अधिकारी भी पुराने ढांचे के अनुसार ही कार्य करा रहे थे।
वहीं बेलावर, उसरा और धन्नीपुर के किसानों की मांग है कि कुलावा को पहले की अपेक्षा कुछ ऊंचा लगाया जाए। उनका तर्क है कि इससे पानी का जलस्तर बना रहेगा, सिंचाई का कार्य सुचारू रहेगा और गर्मियों में पशुओं को पीने के लिए पानी उपलब्ध रहेगा।
रामशाला और उसरी के ग्रामीणों का आरोप है कि बेलावर पक्ष के लोग मछली पालन के उद्देश्य से कुलावा को ऊंचा करने की मांग कर रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य मौके पर पहुंचे। उनके साथ उमाशंकर सिंह, ओम प्रकाश सिंह और राजेश सिंह भी मौजूद रहे। विधायक ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की बात कही।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि पूर्व की व्यवस्था के अनुसार ही निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि सिंचाई व्यवस्था बाधित न हो और सभी किसानों को समान रूप से लाभ मिल सके।।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी











Users Today : 0
Users This Year : 24718
Total Users : 37311
Views Today :
Total views : 73438