लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज ने शनिवार को राजधानी लखनऊ में आगामी त्योहारों के दृष्टिगत एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने प्रदेशवासियों की शांति, सुरक्षा और सुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को कई अहम दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन 22 सितंबर से पूरे प्रदेश में मिशन शक्ति 5.0 का शुभारंभ होगा, जो चरणबद्ध तरीके से एक माह तक चलेगा। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करना है। सभी संबंधित विभागों को तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
प्रमुख बिंदु:
• 21 सितंबर की शाम – हर जिले में महिला पुलिस कर्मियों की बाइक रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
• 22 सितंबर से – एंटी रोमियो स्क्वॉड सक्रिय होकर सार्वजनिक स्थलों और बालिका विद्यालयों में शोहदों पर प्रभावी कार्रवाई करेगा।
• उपद्रवियों पर शिकंजा – मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक माह की गतिविधियों की समीक्षा कर चिह्नित उपद्रवियों/अराजक तत्वों को पाबंद किया जाए। माहौल खराब करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
• सोशल मीडिया पर चौकसी – फेक अकाउंट और फर्जी खबरों से अफवाह फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी। सोशल-डिजिटल मीडिया के जरिए घटनाओं के सही तथ्य समय पर जनता तक पहुंचाए जाएंगे।
• वरिष्ठ अधिकारी मौके पर – किसी भी अप्रिय घटना की सूचना पर जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान स्वयं मौके पर पहुंचेंगे। संवेदनशील मामलों में वरिष्ठ अधिकारी नेतृत्व करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ कहा कि प्रदेश में किसी भी प्रकार का उपद्रव स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि माहौल खराब करने वाले शरारती तत्वों को उनकी ही भाषा में करारा जवाब दिया जाएगा।
मिशन शक्ति 5.0 के जरिए सरकार का लक्ष्य महिलाओं और समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ अराजक तत्वों पर अंकुश लगाना है, ताकि त्योहारों का माहौल शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण रहे।







