चन्दौली समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने बृहस्पतिवार को नियामताबाद के अलीनगर स्थित एक लॉन में आयोजित विवाह समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली की कड़ी आलोचना की और मुगलसराय में हुई रोहिताश पाल की हत्या सहित विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर अपनी बात रखी।
पाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश और देश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार सामंतवादी और पूंजीवादी सोच के साथ काम कर रही है, जिससे गरीबों, मजदूरों और किसानों की समस्याओं की अनदेखी हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार आम जनता की आवाज सुनने के बजाय “गूंगी-बहरी” बनी हुई है।

श्यामलाल पाल ने बताया कि सामंतवादी व्यवस्था को मजबूत करने वाली ताकतों के खिलाफ पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज एकजुट हो रहा है। उन्होंने हत्या, दुराचार और अन्य अपराधों की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय की स्थापना और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए पीडीए लामबंद हो चुका है।

पाल ने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव से भी अधिक मजबूती के साथ 2027 के विधानसभा चुनाव में पीडीए की भागीदारी निर्णायक होगी, जिससे प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक समाजवादी पार्टी की सरकार नहीं बनती, तब तक प्रदेश में अमन-चैन और खुशहाली संभव नहीं है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के एकजुट होने की बात भी कही।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, डॉ. वीरेंद्र बिंद, बैजनाथ यादव, सुदामा यादव, मुसाफिर चौहान, चंद्रशेखर यादव, औसाफ अहमद, नफीस अहमद, तस्लीम अंसारी, बंसराज पासवान, दिलीप पासवान, लालता बियार, गार्गी पटेल, महेंद्र पाल, राजेंद्र पाल, डॉ. संजय पाल, इंद्रजीत शर्मा, शिवराज चौहान, दिनेश यादव, टोनी खरवार, कमलेश यादव, जितेंद्र यादव और राजकुमार जायसवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी











Users Today : 1
Users This Year : 24840
Total Users : 37433
Views Today : 1
Total views : 73633